MP में कलेक्टर पर हमला, रेत माफिया ने किया आधी रात को पथराव, सुरक्षा कर्मियों ने की फायरिंग - khabarupdateindia

खबरे

MP में कलेक्टर पर हमला, रेत माफिया ने किया आधी रात को पथराव, सुरक्षा कर्मियों ने की फायरिंग


रफीक खान
मध्य प्रदेश में रेत माफिया के हौसले बुलंद है। अब किसी छोटे-मोटे कर्मचारी पर नहीं बल्कि सीधे आईएएस अधिकारी भिंड कलेक्टर पर रेत माफिया ने हमला बोल दिया है। आधी रात को उन पर किए गए पथराव के बाद सुरक्षा कर्मियों ने फायरिंग कर किसी तरह से जान बचाई। घटना की खबर के बाद मध्य प्रदेश सरकार में सनसनी मची हुई है लेकिन हमेशा की तरह सरकार खामोश है। यह वही मध्य प्रदेश है, जहां एक आईपीएस अधिकारी को भी कुचलकर मार डाला गया था। Collector attacked, sand mafia pelted stones at midnight, security personnel opened fire

मध्य प्रदेश में रेत माफिया बेखौफ हैं। खुलेआम अवैध खनन कर रहे हैं। कार्रवाई करने पर पुलिस-प्रशासन पर हमला बोल देते हैं। गुरुवार तथा शुक्रवार की दरमियानी रात भिंड में बड़ी घटना हो गई। उमरी में देर रात कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव पर रेत माफिया ने हमला बोल दिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली छुड़ाने के लिए बदमाशों ने पथराव किया। जानकारी के मुताबिक कहा जाता है कि कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव निजी गाड़ी से गुरुवार रात ककारा रेत खदान का आकस्मिक निरीक्षण करने पहुंचे। कलेक्टर के साथ राजस्व अमला और पुलिसकर्मी नहीं थे। कलेक्टर ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका तो ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भाग गया। कलेक्टर ने पास में खाली खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली के ड्राइवर से कहा कि वो रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को उमरी थाने पहुंचा दे। कलेक्टर अपनी गाड़ी से उसके पीछे चल पड़े। कुछ ही दूर आगे चलने पर दो वाहनों से कुछ लोग आए। उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका। कलेक्टर ने भी अपनी गाड़ी रोक दी। ट्रैक्टर रुकवाने वाले लोगों ने कलेक्टर की गाड़ी पर पथराव कर दिया। कलेक्टर के सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला। चार-पांच राउंड फायर किए। जिसके बाद रेत माफिया के लोग अपनी गाड़ियां छोड़कर भाग निकले। कलेक्टर पर हमले के बाद पुलिस ने रेत माफिया के 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा कायम किया है। मध्य प्रदेश में कलेक्टर पर हमले की इस घटना के बाद पूरे मध्य प्रदेश में हड़कंप का माहौल बना हुआ है। विपक्षी राजनेता भी सरकार पर खूब निशाना साध रहे हैं और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले लोगों के कारण सरकार की किरकिरी हो रही है।