रावण की जगह बहु ने जलाये सास, ससुर, ननद, पति और उसकी गर्लफ्रेंड के पुतले - khabarupdateindia

खबरे

रावण की जगह बहु ने जलाये सास, ससुर, ननद, पति और उसकी गर्लफ्रेंड के पुतले


रफीक खान
रावण दहन! मतलब तमाम तरह की बुराइयों का प्रतीकात्मक सत्यानाश करना... कुछ ऐसी ही धारणा के साथ हर साल पूरी दुनिया में रावण दहन किया जाते हैं। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसमें रावण को किनारे कर एक बहू ने अपने साथ ससुर, ननद, पति और उसकी गर्लफ्रेंड का पुतला बनाकर फूँक दिया। बहू ने इस काम को अंजाम देने के बाद मीडिया के जरिए अपना बयान जारी कर कहा कि भगवान रामचंद्र जी तो 14 साल बाद वनवास से लौट कर आ गए थे लेकिन वह तो आज तक वनवास काटने को मजबूर है। एक बहू द्वारा उठाए गए इस कदम ने समाज में फिर एक सवाल खड़ा किया है। Instead of Ravana, daughter-in-law burnt effigies of mother-in-law, father-in-law, sister-in-law, husband and his girlfriend

जानकारी के मुताबिक कहा जाता है कि एक पत्‍नी और बहू का यह अनोखा विरोध चर्चा का विषय बन गया है। धू-धूकर आतिशबाजी के साथ जलते पुतले सोशल मीडिया में भी जमकर वायरल हो रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कहा जाता है पीड़िता ने सरकार से न्याय की गुहार लगाई है। यह मामला हमीरपुर के मुस्करा कस्बे का है। मूल रूप से उरई की रहने वाली प्रियंका दीक्षित की शादी 14 साल पहले मुस्करा कस्बे में हुई थी। प्रियंका के अनुसार दुल्‍हन बनकर अपनी ससुराल आने के बाद उसे अपने पति के विवाहेत्‍तर संबंधों के बारे में पता चला। प्रियंका का आरोप है कि उनके पति का उसकी बहन की सहेली से रिश्‍ता है। शादी के कुछ ही दिन बाद ही इन रिश्तों का खुलासा हो गया था। प्रियंका के मुताबिक यहीं से उसकी शादीशुदा जिंदगी नरक में बदल गई। बकौल प्रियंका उसका उत्पीड़न शुरू हो गया। सास-ससुर और यहां तक कि ननद भी जानती थी कि उसके पति के रिश्ते एक अन्य महिला से हैं। बजाए पति को समझाने के उन लोगों ने उसी का उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। उसका ससुराल में रहना मुश्किल हो गया। उसे मायके की शरण लेनी पड़ी। ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा लिखाया। सालों साल कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाए। पति तलाक का मुकदमा हार गए, लेकिन कोर्ट के आदेशों का आजतक पालन नहीं हुआ। प्रियंका अपने जीवन और हालात से बुरी तरह हार चुकी है। उसे ऐसा लगता है कि अब उसकी कहीं कोई सुनवाई नहीं होगी जिसके चलते ही उसने अनूठा क्रोध प्रदर्शन किया।