झारखंड के पूर्व CM हेमंत सोरेन 5 माह बाद हुए जेल से रिहा, Highcort से मिली बड़ी राहत, ED ने किया था गिरफ्तार - khabarupdateindia

खबरे

झारखंड के पूर्व CM हेमंत सोरेन 5 माह बाद हुए जेल से रिहा, Highcort से मिली बड़ी राहत, ED ने किया था गिरफ्तार


रफीक खान
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को जेल से रहा हो गए। हेमंत सोरेन को पांच माह पूर्व ED ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था और संबंधित कोर्ट ने उन्हें ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया था। झारखंड हाईकोर्ट ने जमीन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में हेमंत सोरेन को जमानत दी है। हेमंत सोरेन जिस समय गिरफ्तार किए गए थे, उस समय वे राज्य के मुख्यमंत्री थे। बाद में सियासी उठा पटक के चलते चंपई सोरेन को झारखंड में नया मुख्यमंत्री चुना गया। हालांकि हेमंत सोरेन के जेल में रहने के दौरान सरकार से उनका समन्वय ठीक तरह से बना रहा। हेमंत सोरेन की रिहाई पर झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन समेत अनेक वरिष्ठ नेताओं ने खुशी जताई है।

जानकारी के मुताबिक कहा जाता है कि कोर्ट से जमानत मिलने के बाद हेमंत सोरेन के छोटे भाई और राज्य के पथ निर्माण मंत्री बसंत सोरेन बेल बांड भरने के लिए दस्तावेजों के साथ सिविल कोर्ट पहुंचे। कोर्ट के आदेश के अनुसार 50-50 हजार रुपए के दो मुचलके भरे। उल्लेखनीय है कि हेमंत सोरेन को ईडी ने जमीन घोटाला मामले में 31 जनवरी को करीब 8 घंटे तक पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद उन्होंने ईडी की हिरासत में रात साढ़े 8 बजे राजभवन पहुंचकर सीएम पद से इस्तीफा दिया था। हेमंत सोरेन को 1 फरवरी को न्यायिक हिरासत में बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल भेजा गया था। झारखंड हाईकोर्ट में जस्टिस रंगन मुखोपाध्याय की कोर्ट ने हेमंत सोरेन की जमानत याचिका पर तीन दिनों तक बहस और सुनवाई पूरी करने के बाद 13 जून को फैसला सुरक्षित रख लिया था। शुक्रवार सुबह अदालत द्वारा जमानत मंजूर किए जाने की खबर मिलते ही गठबंधन सरकार के नेताओं और सोरेन के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। झारखंड के सीएम चंपई सोरेन ने सोशल मीडिया एक्स पर खुशी व्यक्त करते लिखा है, "सत्य परेशान हो सकता है पराजित नहीं। सत्यमेव जयते।" हेमंत सोरेन को जमानत मिलने के बाद अब आम आदमी पार्टी ने अपने नेता तथा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लिए भी जमानत हासिल करने कोशिश तेज कर दी है।